हिजाब: विश्वास की एक सुखदायक छाया

लाज एक ऐसा गुण है जिससे हम मनुष्य संपन्न हुए हैं। हिजाब का उद्देश्य शालीनता की रक्षा करना है। हिजाब अल्लाह के प्रति समर्पण के संकेत के रूप में कार्य करता है, हमें उसकी असीम कृपाओं और दया की याद दिलाता है। इस्लाम समान रूप से पुरुषों और महिलाओं दोनों को हिजाब का पालन करने का आदेश देता है।

एक मुस्लिमाह के लिए हिजाब का महत्व

हिजाब सिर्फ एक महिला के सिर के चारों ओर लिपटे कपड़ों के टुकड़े तक ही सीमित नहीं है। यह आँखों से शुरू होता है और दिल की गहराई तक जाता है और रूप और आंतरिक सुंदरता दोनों को ढकता है। आँखों का हिजाब वर्जित चीज़ों को देखकर आँखों को ज़िना ना करने देने के बारे में है।

दिमाग़ का हिजाब यह सुनिश्चित करता है कि शैतान की फुसफुसाहट के बाद कोई बुरा विचार विकसित न हो और यह इस जागरूकता के बारे में भी है कि अल्लाह हमारे दिमाग़ में जो कुछ भी चल रहा है उसे जानने और देखने वाला है। तमाम नेकियों में तक़वा अल्लाह को सबसे प्यारा है। यह तक़वा है जो यह सुनिश्चित करता है कि हम सीधे रास्ते पर चलें और नेक बने रहें। हिजाब का पालन करके, एक व्यक्ति अपनी शारीरिक और साथ ही मानसिक स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर सकता है।

एक मुस्लिमाह के लिए, हिजाब पहनने का निर्णय जीवन के सांसारिक तौर-तरीकों के खिलाफ़ अवज्ञा का कार्य बन जाता है। कभी-कभी उसका अपना परिवार उसका विरोध करेगा। अन्य समय में, उसे कई बाधाओं का सामना करना पड़ेगा। उसे कहा जाएगा “कौन तुमसे शादी करेगा”, “बहुत धार्मिक मत दिखो”, आदि।

यह देखना काफी दुखद है कि हममें से कितने मुसलमान इस अस्थायी दुनिया को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं और सर्वशक्तिमान अल्लाह को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं। जो लोग सामाजिक मानदंडों के अनुसार जीवन शैली की एक विशेष श्रेणी को अपनाते हैं, उनकी भी आलोचना की जाती है। तो लोगों की स्वीकृति की तुलना सृष्टिकर्ता अल्लाह से करने की कोशिश क्यों करें? सच कहूं तो अल्लाह को खुश करना दुनिया को खुश करने से ज़्यादा आसान है।

जो महिलाएँ अपने बाहरी रूप के लिए जानी जाती हैं, वे मोटे ना होने या बालों के अच्छे न दिखने आदि के लगातार डर में रहती हैं। हिजाब उनके आत्मसम्मान को ऊँचा रखता है और दिमाग़ को सांसारिक बंधनों से मुक्त रखता है। ख़ुद को ढंकने का कार्य सुंदरता की संरक्षण सुनिश्चित करता है। हिजाब पहनना इस बात की गारंटी नहीं है कि महिला सभी त्रुटियों से मुक्त है और उच्च स्थान प्राप्त कर चुकी है। यह अल्लाह को खुश करने और अपने नफ़्स के ख़िलाफ़ कार्य करने का प्रयास है। एक मुस्लिमाह को दूसरों का विश्वास में कम होने के लिए आलोचना नहीं करनी चाहिए। विश्वास की सुंदरता यह है कि यह पूरी तरह से मनुष्य और अल्लाह (ﷻ) के बीच का मामला है।

दरअसल, हिजाब विश्वास की सुखदायक छाया का प्रतीक है जो शांति का स्रोत है। यह अल्लाह से निकटता की भावना पैदा करता है और सभी प्रकार की बुराई से सुरक्षा प्रदान करता है। अल्लाह हमें हमारे ख़ूबसूरत दीन के पालन के नेक ज़मीर से नवाज़े!